सुकमा , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए युवा रत्न सम्मान योजना की घोषणा की है। योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और स्वैच्छिक संस्थाओं से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार योजना का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, समाज सेवा और नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं एवं संस्थाओं का चयन कर सम्मानित किया जाएगा।

योजना के तहत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत और लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ पदक, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा।

विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के तहत विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए चयनित व्यक्ति को 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्था या संगठन को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित