चंडीगढ़ , मई 15 -- पंजाब के पूर्व मंत्री और कांग्रेस कार्य समिति सदस्य विजय इंदर सिंगला ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की है।

श्री सिंगला ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण कराए जाने से चुनाव आयोग, राजनीतिक दलों और आम लोगों के बीच अविश्वास की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाना चाहिए ताकि अन्य राज्यों में सामने आए विवादों जैसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने युवाओं की कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2024 के आंकड़ों के अनुसार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के केवल लगभग 40 प्रतिशत पात्र युवा ही मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि "नया पंजाब" युवाओं के नए विचारों और सक्रिय भागीदारी से ही बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब को अपराध, नशाखोरी, कृषि संकट और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए नई सोच और युवा नेतृत्व की जरूरत है। इसके लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य चुनाव आयोग को युवाओं तक पहुंचने के लिए विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाने चाहिए, क्योंकि युवा वर्ग डिजिटल माध्यमों से अधिक जुड़ा हुआ है।

श्री सिंगला ने यह भी कहा कि 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष रूप से संवेदनशील और जागरूक बनाया जाए ताकि वे नए मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग इस मुद्दे को प्राथमिकता देगा और हर पात्र युवा मतदाता को पंजाब के भविष्य निर्माण में भागीदारी का अवसर सुनिश्चित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित