बेतिया , मई 28 -- बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया ने गुरुवार को कहा कि युवा पीढ़ी को वैदिक संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। श्री चौरसिया के आज बेतिया स्थित आर्य समाज मंदिर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में वैदिक संस्कृति, सामाजिक सुधार और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा हुई।

श्री चौरसिया ने कहा कि आर्य समाज समाज सुधार, शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रसार का सशक्त माध्यम रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के सिद्धांत आज भी समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को वैदिक संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। आर्य समाज ने हमेशा सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने का कार्य किया है।

श्री चौरसिया ने आर्य समाज के कार्यकर्ताओं से समाज में जागरूकता अभियान चलाने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बेतिया आर्य समाज के प्रधान महंत प्रसाद आर्य, मंत्री अखिलेश आर्य, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश आर्य, पूर्व प्रधान रुद्रदेव प्रसाद, रघुनाथ आर्य, उप प्रधान नंदलाल आर्य, इंदु आर्या, उप मंत्री वीणा गुप्ता आर्या, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सर्राफ, रमन गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित