नयी दिल्ली , मार्च 20 -- युवा कांग्रेस ने एआई सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में किये अपने प्रदर्शन को उचित करार देते हुए कहा है कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मसमर्पण है और युवा संगठन इस समझौते के खिलाफ पूरे देश में सत्याग्रह करेगा।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब तथा संगठन के प्रभारी मनीष शर्मा ने शुक्रवार को यहां संगठन के मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिए गये उनके सभी सहयोगियों को रिहा कर दिया गया है। उनका कहना था कि सरकार इस प्रदर्शन को राजनीतिक द्वेष की भावना से अपराध करार दे रही है और यदि प्रदर्शन करना सच में अपराध होता तो फिर प्रदर्शनकारी युवाओं को जमानत ही नहीं मिलती।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस अमेरिका के साथ हुए समझौते के खिलाफ पूरे देश में सत्याग्रह करेगी। श्री चिब ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता दिल्ली के साथ ही सभी प्रदेशों के मुख्यालयों, मंडल, जिला और ब्लाक स्तर पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा संगठन का आंदोलन थमने वाला नहीं है और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक समझौते को वापस नहीं लिया जाता है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह समझौता बुनियादी तौर पर गलत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के सामने यह समझौता कर समर्पण किया है। उनका कहना था कि यह समझौता किसानों के खिलाफ है और इसके विरोध में प्रदर्शन करना युवा कांग्रेस का बुनियादी अधिकार है।

उन्होंने कहा कि उनका संगठन इस समझौते के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करता रहा है और भारत मंडपम में किया गया प्रदर्शन भी शांतिपूर्ण ही था लेकिन सरकार ने दबाव कर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जेल भिजवाया है। उन्होंने कहा कि वे सत्य की लड़ाई लड़ रहे थे और अंत में सत्य की ही जीत हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित