भोपाल , जून 30 -- मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस की मंगलवार को भोपाल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया को लेकर कई जिलाध्यक्षों ने असंतोष जताया। बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी भी हुई, जिसे वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया। बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के अध्यक्ष मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान मैहर के जिलाध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि जिला अध्यक्ष चुनाव जीतकर आए हैं, लेकिन उन्हें अपनी कार्यकारिणी गठित करने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर से तय करने की बात कही जा रही है। उनके इस मुद्दे का ग्वालियर, जबलपुर ग्रामीण सहित कई जिलाध्यक्षों ने समर्थन किया।
बैठक के दौरान संगठन के डिजिटल एप पर रिपोर्टिंग को लेकर दो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एप के उपयोग को लेकर शुरू हुई बहस बढ़ गई, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने बैठक के दौरान हुए विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में चर्चा से अधिक अंतर्कलह और हंगामा देखने को मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित