नयी दिल्ली , मार्च 14 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीतियों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ सोमवार को संसद घेराव का एलान किया है।

इस संबंध में शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी कृष्णा हरि, हैवरान कंसाना ने मीडिया को संबोधित किया।

श्री लाकड़ा ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाल ही में एआई समिट के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया था, जिसे अदालतों ने भी लोकतंत्र का अधिकार माना है। उन्होंने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके कुछ मंत्रियों का नाम सामने आने के बाद जल्दबाजी में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा की गयी। युवा कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक इस समझौते से देश का डेटा अमेरिका को सौंपे जाने का खतरा है और इससे किसानों तथा टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित