नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- युवा कांग्रेस ने देशभर में स्वीकृत सरकारी नौकरियों के खाली पदों को एक साल में भरने की मांग को लेकर ''मेरी डिग्री का क्या?'' अभियान शुरू किया है।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में अभियान की वेबसाइट लॉन्च की और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

श्री लाकड़ा ने दावा किया कि देशभर में सरकारी नौकरियों के 50,05,850 से अधिक स्वीकृत पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन पदों को भरकर युवाओं को रोजगार देने के साथ स्कूल और अस्पताल जैसी सार्वजनिक सेवाओं में भी सुधार कर सकती है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत देशभर में ''नौकरी मार्च'' और ''डिग्री मार्च'' आयोजित किये जायेंगे। संगठन ने प्रत्येक रिक्त पद के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने तथा परीक्षा से नियुक्ति तक पूरी प्रक्रिया की समय-सीमा तय करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि एक वर्ष में पद नहीं भरे गये तो आंदोलन तेज किया जायेगा और प्रधानमंत्री के अगले जन्मदिन पर उनके आवास के घेराव का कार्यक्रम होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित