अहमदाबाद , मई 19 -- अहमदाबाद में एसआरटी10 एल्टेवॉल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रेरक और भावुक कर देने वाला अवसर देखने को मिला, जब क्रिकेट के महान खिलाड़ी, सचिन तेंदुलकर ने एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे युवा एथलीटों के साथ समय बिताया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों, माता-पिताओं और उभरते क्रिकेटरों के साथ बातचीत की।
तेंदुलकर ने क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों और अनौपचारिक सत्रों के लिए बच्चों के साथ मैदान पर उतरकर, युवा एथलीटों को अनुशासन, धैर्य और खेल के ज़रिये सीखने की खुशी को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके इस संवाद ने एकेडमी में जमा हुए प्रशिक्षुओं और उनके परिवारों को प्रेरित किया। यहां आए कई लोगों ने इस अनुभव को जीवन में कभी-कभार मिलने वाला अवसर बताया।
सचिन तेंदुलकर ने इस कार्यक्रम के बाद कहा, "बच्चों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण नहीं है कि वे शुरुआत कहां से करते हैं, बल्कि यह अधिक ज़रूरी है कि उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है या नहीं। पिछले कुछ साल में, मैंने यह महसूस किया है कि भारत में खेल का भविष्य इस बात से तय होगा कि हम ज़मीनी स्तर के खेल के परितंत्र में कितनी गंभीरता से निवेश करते हैं और बच्चों को बगैर किसी डर या दबाव के खेल का आनंद लेने के लिए कितना प्रोत्साहित करते हैं। जब बच्चे मैदान पर कदम रखते हैं, तो वे सिर्फ खेल के नियम ही नहीं सीखते, बल्कि वे अनुशासन, टीम वर्क, जुझारूपन और खुद पर विश्वास करना सीखते हैं। अहमदाबाद में इन युवा एथलीटों के बीच दिखी ऊर्जा और जिज्ञासा आशा की किरण की तरह है, और मुझे उम्मीद है कि इस तरह के मंच और भी कई बच्चों को खेल के ज़रिये सपने देखने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"एसजी रोड पर वैष्णोदेवी सर्कल के पास शंकु फार्म में स्थित, एसआरटी10 एल्टेवॉल स्पोर्ट्स एकेडमी को इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया था। यह एकेडमी लागातार वृद्धि दर्ज करते एसआरटी10 परितंत्र का अंग है, जिसका उद्देश्य है, पेशेवर कोचिंग, फिटनेस से जुड़ा बुनियादी ढांचा और एथलीटों के लिए समग्र प्रशिक्षण कार्यक्रमों के ज़रिये जमीनी स्तर पर खेल का विकास सुनिश्चित करना। नवी मुंबई में डीवाय पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में स्थित प्रमुख एसआरटी10 ग्लोबल एकेडमी के बाद, यह भारत में सचिन तेंदुलकर द्वारा समर्थित दूसरी ऐसी एकेडमी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित