देहरादून , सितम्बर 19 -- उत्तराखंड एसटीएफ और एएनटीएफ ने ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत, युवाओं और छात्रों को नशीले पदार्थ हेरोइन की सप्लाई पहुंचाने आए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनसे मिली हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग पचास लाख रूपए है। राजधानी देहरादून के जिस इलाके से ये गिरफ्तारी हुई हैं, वहां देश का एक जाना माना निजी विश्वविद्यालय स्थित है, जहां देश ही नहीं विदेश के भी छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने शनिवार को बताया कि तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट से मिली सटीक सूचना पर थाना क्लेमनटाउन पुलिस के साथ संयुक्त रूप से एक बोलेरो कैम्पर वाहन सहित तीन व्यक्ति व्यक्तियों को 265 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे के आदी युवाओ व स्कूली छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करने के उद्देश्य से मौके पर आए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित