कोण्डागांव , जुलाई 28 -- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशव्यापी 'ज्वॉइन भाजयुमो 2026' युवा सदस्यता अभियान का शुभारंभ कोण्डागांव में मंगलवार को हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने अभियान की शुरुआत करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।

श्री टिकरिया ने कहा कि भाजयुमो युवाओं को नेतृत्व, संगठन और जनसेवा का अवसर प्रदान करने वाला सशक्त मंच है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचकर अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।

विधायक लता उसेंडी ने युवाओं से भाजपा युवा मोर्चा की सदस्यता लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन ने बताया कि जिले में सदस्यता अभियान मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। कार्यकर्ता युवाओं से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि युवाओं को सामाजिक दायित्वों और सेवा कार्यों से भी जोड़ना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित