लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि सरकार युवाओं को आधुनिक कौशल से लैस कर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कौशल विकास केंद्रों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया।
यहां आयोजित नेशनल स्किल एंड एजुकेशन समिट उत्तर प्रदेश में युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करने और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने पर व्यापक चर्चा हुई।
श्री अवस्थी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक मंडल में सेवानिवृत्त आईएएस, आईपीएस और पीसीएस अधिकारियों, उद्योग विशेषज्ञों और बैंकरों की एक समिति गठित की जाए, जो कौशल केंद्रों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सार्वजनिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी जैसे पाठ्यक्रम, छात्रों की संख्या, प्रमाणपत्र और रोजगार के अवसर वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होने बताया कि प्रदेश में लगभग 750 प्रशिक्षण भागीदार कौशल विकास मिशन से जुड़े हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नए प्रशिक्षण भागीदारों के लिए मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एक भव्य प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाए। उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर और जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति और कौशल विकास की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा है।
श्री अवस्थी ने बताया कि गोरखपुर स्थित महाराणा प्रताप प्रौद्योगिकी संस्थान में लगभग 48 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है, जहां एआई, साइबर सुरक्षा, 3डी तकनीक और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस केंद्र का उद्घाटन 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और कौशल विकास को एक साथ जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे व्यवहारिक रूप से लागू करने की क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल लर्निंग पत्रिका के नवीन संस्करण का विमोचन भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित