चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- हरियाणा में युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अगस्त को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन एच स्टार्टअप समिट-युवा उद्यमी चौपाल का आयोजन किया जाएगा। विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, युवा उद्यमी, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

राज्य के आईडियाथॉन में अब तक 45 हजार से अधिक आइडिया सामने आ चुके हैं, जबकि करीब 400 युवा उद्यमी सम्मेलन में अपने स्टार्टअप और नए विचार प्रस्तुत करेंगे। इनमें से चयनित 60 उद्यमी विशेष राउंडटेबल में निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ अपने विचार, चुनौतियां और संभावनाएं साझा करेंगे।

कार्यक्रम में श्री सैनी युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और प्रश्नोत्तर सत्र में उनके सवालों का जवाब देंगे। मुख्यमंत्री इनोवेशन वॉक के दौरान छात्रों और उद्यमियों द्वारा विकसित नए प्रोजेक्ट और स्टार्टअप भी देखेंगे।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित करना है। हरियाणा स्टेट स्टार्टअप पॉलिसी-2022 के तहत स्टार्टअप्स को सीड ग्रांट, पेटेंट लागत की प्रतिपूर्ति, लीज रेंटल रीइम्बर्समेंट, क्लाउड स्टोरेज सहायता और एक्सेलेरेशन प्रोग्राम जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उभरती तकनीकों पर भी विशेष जोर रहेगा। युवाओं को नई तकनीक के जरिए उत्पाद विकसित करने और कारोबार बढ़ाने के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान उद्यमी बस को भी रवाना किया जाएगा। यह बस 11 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न शहरों का दौरा करेगी और युवाओं को स्टार्टअप अवसरों व सरकारी सहायता की जानकारी देगी। अभियान के तहत 4 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों तक कार्यक्रम की कवरेज पहुंचाने का लक्ष्य है।

सरकार की इस पहल का मूल मंत्र 'विचार से उद्यम तक और उद्यम से रोज़गार तक' है, जिसके तहत नए विचारों को उद्यम और उद्यम को रोजगार में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित