पटना , अप्रैल 28 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को बेहतर कौशल, आधुनिक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे रोजगार के अवसरों को न केवल प्राप्त करें, बल्कि स्वयं रोजगार सृजक भी बनें।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आज संयुक्त रूप से बिहटा (पटना) में प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया गया। साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा एवं मुंगेर में विकसित इसके एक्सटेंशन सेंटर का भी शुभारंभ किया । इसके साथ ही राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति हब के अंतर्गत स्पेशल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का भी शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार तेजी से औद्योगिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है और यह प्रौद्योगिकी केंद्र उस परिवर्तन का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को बेहतर कौशल, आधुनिक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे रोजगार के अवसरों को न केवल प्राप्त करें, बल्कि स्वयं रोजगार सृजक भी बनें। 'मेक इन बिहार' के विजन को आगे बढ़ाते हुए यह सेंटर निवेश, नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहटा का यह प्रौद्योगिकी केंद्र अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस है। इससे इंजीनियरिंग एवं मैन्युफैक्चरिंग के साथ-साथ बिहार की पारंपरिक अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी एवं बड़ी संख्या में राज्य के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित