जयपुर , मार्च 23 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए कहा है कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
श्री देवनानी साेमवार को यहां राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राजस्थान विश्वविद्यालय के तत्वावधान में "विकसित भारत" कार्यक्रम के तहत प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसी योजनाएं उनके सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने की। कार्यक्रम के तहत "विकसित भारत" अभियान एवं राष्ट्रीय एकीकरण शिविर से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविका को भी पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
प्रो. कटेजा ने एनएसएस की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं में सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करती है। विशिष्ट अतिथि एस.पी. भटनागर ने एनएसएस की आगामी गतिविधियों के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकीकरण शिविर एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित