सिरसा , अप्रैल 18 -- हरियाणा में सिरसा पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक साइक्लोथॉन रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर स्वयं साइकिल चलाकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
यह रैली रानियां थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीवन नगर स्थित सतगुरु प्रताप सिंह स्टेडियम से शुरू होकर कुल नौ गांवों से गुजरते हुए लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय कर गुरुदेव इंडोर स्टेडियम, संत नगर में संपन्न हुई।
रैली के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों द्वारा प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और नशा मुक्त सिरसा के समर्थन में नारे लगाए।
इस अवसर पर श्री सहारण ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को साकारात्मक दिशा में लगाएं और खेल व शिक्षा के क्षेत्र में अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का सपना तभी साकार हो सकता है जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो।
रैली में पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित