हैदराबाद , अगस्त 03 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने सोमवार को कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उसने नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा न करके तेलंगाना के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है।
श्री राव ने तेलंगाना भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में सरकार के 'जॉब कैलेंडर' को 'बेरोजगार कैलेंडर' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन पिछले दो वर्षों में 10,000 पदों पर भी भर्ती नहीं हो सकी हैं ।उन्होंने उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के क्षेत्र में एक बेरोजगार युवक के आत्महत्या के प्रयास का जिक्र करते हुए उसके सुसाइड नोट को सरकार के खिलाफ सबूत बताया। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से आत्महत्या न करने की अपील की और कहा कि अगर बीआरएस फिर से सत्ता में आई, तो सभी खाली पदों पर भर्ती की जाएगी।
श्री राव ने मुख्यमंत्री के इंजीनियरों पर दिए गए बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूरी पार्टी छात्रों तथा बेरोजगारों के मुद्दों पर चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, नौकरी और पानी के मामलों में पूरी तरह फेल हो चुकी है। उनके मुताबिक, सात हजार आईटी नौकरियां चली गई हैं, गोदावरी नदी में भरपूर पानी होने के बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है और कांग्रेस अपने चुनावी वादे पूरे करने में नाकाम रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित