जयपुर , फरवरी 15 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं का आह्वान किया है कि उन्हें जीवन में आने वाली चुनौतियों और संकटों से घबराने के बजाय उनका साहसपूर्वक सामना करना एवं नई पीढ़ी को अपने संस्कारों को सीखने, सहेजने तथा आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

श्रीमती कुमारी ने रविवार को कूकस स्थित आर्य कॉलेज में राज्यपाल हरीभाऊ किसनराव बागडे की मौजूदगी में प्रज्ञा प्रवाह एवं युवा साथी संगठन द्वारा आयोजित 'शिवोऽहम: जागृति काल' कार्यक्रम में शिरकत करते हुए यह आह्वान किया। उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि 24 घंटे चलने वाली अखंड शिव आराधना, भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रभाव के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी वातावरण निर्मित होगा।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संयम, शक्ति और जागृति का संदेश भी है। "'शिवोऽहम' का भाव हमें अपने भीतर की दिव्यता को पहचानने और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।" उन्होंने कहा कि 24 घंटे तक आध्यात्मिक और धार्मिक समन्वय से युवाओं में नवचेतना का संचार होगा और यह आयोजन आत्मजागृति का सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से संवाद के माध्यम से उन्हें जीवन मूल्यों को समझने और आत्म विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित