जयपुर , जुलाई 27 -- पूर्व क्रिकेटर मदनलाल ने युवाओं को खेलने का अवसर दिया जाना जरूरी बताया है और कहा है कि युवाओं को खेल में अवसर दिया जाना चाहिए ताकि वे दिशा से नहीं भटके। श्री मदन लाल सोमवार को यहां एसपीएल भारत कप टूर्नामेंट के द्वितीय संस्करण की घोषणा के समय प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह जरुरी भी है कि युवाओं को अवसर दिया जाये ताकि वे दिशा से नहीं भटके क्योंकि खेल में अवसर देंगे तो वह इधर-उधर नहीं भटक पायेंगे। उन्होंने कहा कि फर्ज भी बनता है कि युवा पीढ़ी को एक प्लेटफोर्म दिया जाये ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखा सके। प्रतिभा दिखती है और इससे सबको मालूम पड़ता है कि वह अच्छा खिलाड़ी हैं और जितने भी अच्छे खिलाड़ी है उन्हें मौके भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि इस प्रतियोगिता में युवा नि:शुल्क भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

मदन लाल ने एसपीएल भारत कप के पदाधिकारियों की इस आयोजन के लिए सराहना करते हुए कहा कि पहले संस्करण में बहुत अच्छे मैच हुए और गंभीर क्रिकेट हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित