जयपुर , जुलाई 23 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि आज युवाओं को उपदेश देने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।

श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस एक बार फिर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी देश के युवाओं का अपमान नहीं किया, बल्कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, हिंसा और पथराव करने की राजनीति करने वाले तत्वों के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाया है। देश का युवा राष्ट्र निर्माण की शक्ति है और भाजपा उसे भारत के विकसित भविष्य का आधार मानती है।

उन्होंने कहा कि श्री डोटासरा यह बताएं कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान 19 बार से अधिक हुए पेपर लीक कांडों से लाखों युवाओं का भविष्य किसने बर्बाद किया। भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, माफिया राज और युवाओं के साथ हुए विश्वासघात के लिए कांग्रेस कब जिम्मेदारी स्वीकार करेगी। आज युवाओं को उपदेश देने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।

श्री राठौड़ आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की रही है, जबकि भाजपा युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और उन्हें अवसर देने की राजनीति करती है। देश का युवा अच्छी तरह जानता है कि किसने अवसर दिए और किसने केवल झूठे वादों से उन्हें ठगा। वर्ष 2029 की चिंता करने से पहले कांग्रेस को अपने संगठन और जनता के बीच खोए हुए विश्वास की चिंता करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्री डोटासरा कैसी बातें कर रहे है। देश और प्रदेश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूती प्रदान करने का काम कर रहा है और वर्ष 2029 के चुनाव में भी करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित