नयी दिल्ली , अगस्त 05 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और यही कारण है कि वह इस मुद्दे पर संसद में आकर जवाब नहीं दे रहे हैं लेकिन देश के जिन युवाओं को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है वह उनके साथ खड़े हैं इसलिए युवाओं को किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
श्री गांधी ने बुधवार को 10 जनपथ के बाहर देश के विभिन्न हिस्सों से आये उन आंदोलनकारियों के साथ संवाददाताओं को संबोधित किया जिनका आरोप है कि आंदोलन में शामिल होने के कारण उनको डराया और धमकाया जा रहा है। उन्होंने इन युवाओं से बातचीत की है और उनकी पीड़ा को समझा है। उन्होंने बताया कि ये युवा देश के अलग-अलग राज्यों से आये हैं और सभी ने बताया कि उन्होंने किसी प्रकार की हिंसा नहीं की, लेकिन उनके साथ लगातार हिंसा, धमकी और उत्पीड़न हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा, "जब किसी नागरिक के साथ अन्याय होता है तो उसकी मदद करना हमारा कर्तव्य है। महिलाओं के घरों में गुंडे भेजे जा रहे हैं और उन पर जबरन गलती स्वीकार करने का दबाव बनाया जा रहा है। आज ये युवा देश की प्रेस के सामने हैं, लेकिन अमित शाह संसद के सामने नहीं आ सकते। अगर वह संसद में नहीं आ रहे हैं तो इसकी दो ही वजह हैं, या तो वह जानते हैं कि छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के लिए वही जिम्मेदार हैं या फिर वह जवाब देने से बच रहे हैं।"मुंबई से आयी रिया अहीर ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को न पढ़ने दिया जा रहा है और न ही उन्हें सुरक्षित माहौल मिल रहा है। उनका कहना था कि वह पुलिस की गाडी के सामने आयी थी और उनका यह वीडियो खूब चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित