भोपाल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा तथा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भेंट कर विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार की पहल, दृष्टिकोण और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और सार्थक संवाद के बाद श्री वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसे मामलों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी के हितों की रक्षा के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित