जोधपुर , अक्टूबर 16 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने युवाओं के हितों के नाम पर किए जा रहे आंदोलनों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि युवाओं के संघर्ष की आड़ लेकर समाज में अराजकता फैलाने और इसके जरिए सत्ता परिवर्तन करने की कोशिश की जा रही थी।
श्री शेखावत शुक्रवार को जोधपुर हवाईअड्डे पर मीडिया से बातचीत में में कहा कि अब इन प्रयासों के पीछे के वास्तविक इरादे सामने आ गये हैं। भारतीय मतदाता लोकतंत्र के प्रति पहले से अधिक परिपक्व हो चुका है। वह ऐसे राजनीतिक प्रयासों को समझता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों और उनके संघर्ष का आवरण ओढ़कर समाज को उद्वेलित करने तथा अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों और कांग्रेस के छिपे हुए इरादे अब उजागर हो चुके हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य अराजकता के रास्ते सत्ता परिवर्तन करना था।
श्री शेखावत ने बंगलादेश, नेपाल और श्रीलंका का दिया उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों में जिस तरह के घटनाक्रम देखने को मिले, उसी तरह के प्रयासों के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने हालांकि भरोसा जताया कि जनता ऐसे प्रयासों को समझती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उसकी समझ पहले से अधिक मजबूत हुई है।
श्री शेखावत ने कहा कि सीजेपी के विभिन्न आंदोलनों के बाद भी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को जनता का प्रचंड समर्थन मिला है। उन्होंने राजस्थान के नगर निकाय चुनावों सहित विभिन्न राज्यों के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति अनुकूल नहीं मानी जाती थी, वहां भी पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठ फैलाकर और अराजकता पैदा करके राजनीतिक पद हासिल करने की कोशिश करने वालों को जनता का समर्थन नहीं मिलता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित