चेन्नई , फरवरी 17 -- ग्लेन फ़िलिप्स (नाबाद 76) और रचिन रविंद्र (नाबाद 59) की आक्रामक पारियों के दम पर न्यूज़ीलैंड ने टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। कनाडा के ख़िलाफ चेन्नई में मिले 174 रनों के लक्ष्य को न्यूज़ीलैंड ने आठ विकेट और 29 गेंद शेष रहते हासिल किया। इससे पहले कनाडा ने युवराज सामरा (110) के दम पर 173/4 का स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने सामरा को जीत नसीब नहीं हुई।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सामरा ने पहले ओवर की आख़िरी दो गेंदों पर मैट हेनरी को लगातार दो चौके लगाए। दूसरे ओवर में जैकब डफ़ी ने केवल पांच रन दिए और तीसरे ओवर से भी पांच ही रन आए। चार ओवर के बाद कनाडा का स्कोर 26/0 था। पावरप्ले का आख़िरी ओवर जेम्स नीशम लेकर आए जिनके ख़िलाफ सामरा ने आक्रामक रुख अपनाया। इस ओवर में सामरा ने लगातार तीन चौके और फिर एक छक्का लगाया। 18 रन के इस ओवर के बाद कनाडा ने पावरप्ले में अपने 50 रन पूरे कर लिए।

पावरप्ले के बाद अगले चार ओवर में न्यूज़ीलैंड ने अच्छी वापसी की और कनाडा को केवल 25 रन ही मिले। 19 साल के सामरा ने केवल 36 गेंदों में अपना पहला टी20 विश्व कप अर्धशतक लगाया। पारी के 13वें ओवर में सामरा ने मकोंची को पहली तीन गेंदों पर 6, 6, 4 के साथ तीन बाउंड्री लगाई। 19 रन के इस ओवर ने कनाडा को मोमेंटम वापस दिया और 13 ओवर के बाद स्कोर 102/0 था।

जेमीसन को चौका लगाते हुए 19 साल के सामरा ने केवल 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले एसोसिएट देशों के पहले बल्लेबाज भी बने। हालांकि, 18वें ओवर में नवनीत धालीवाल सात गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। आख़िरी गेंद पर सामरा का कैच छूटा और 18 ओवर के बाद कनाडा 158/2 के स्कोर पर थी। अंतिम तीन ओवर में केवल 23 रन देते हुए न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों ने अपनी टीम की वापसी कराई। डफ़ी ने चार ओवर में केवल 25 रन देकर एक विकेट लिया और सबसे किफ़ायती गेंदबाज़ रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित