रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के दूसरे दिन के दूसरे मैच में शुक्रवार रात चक्रधर चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से पराजित किया। इस मुकाबले को देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी हॉकी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मैच में चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार हैट्रिक लगाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के शाहरुख को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

मुकाबले की शुरुआत चक्रधर चैंपियंस ने आक्रामक अंदाज में की। अनुभवी भारतीय खिलाड़ी एस.वी. सुनील के सटीक पास पर युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड से पहला गोल दागा। इसके ठीक एक मिनट बाद अर्जुन यादव के बेहतरीन प्रयास पर कार्तिक यादव ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।

दूसरे क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए तीसरा गोल किया। एस.वी. सुनील के सहयोग से युवराज वाल्मीकि ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इसके बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर का अंतर कम किया। हालांकि, चक्रधर चैंपियंस को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे वाल्मीकि ने गोल में बदलकर अपनी टीम को 4-1 से आगे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जोरदार वापसी की। शाहरुख ने फील्ड गोल किया, जबकि शमशेर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दागकर स्कोर 4-3 कर दिया। इससे मुकाबला रोमांचक हो गया।

चौथे क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने दबाव बनाए रखा। मनीष ने शानदार डिफ्लेक्शन से गोल कर टीम की बढ़त बढ़ाई। इसके बाद युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड पर अपना तीसरा गोल करते हुए हैट्रिक पूरी की। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शमशेर ने अंतिम गोल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। चक्रधर चैंपियंस ने मुकाबला 6-4 से जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

दूसरे दिन के पहले मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने 3-3 गोल किए और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स ने शुरुआती दो क्वार्टर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए हाफ टाइम तक दो गोल की बढ़त बना ली थी। हालांकि, चिंगलेनसाना सिंह की बैलाडीला बुल्स ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। जसकरण सिंह और राहुल यादव के गोलों ने टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।

अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रहलाद को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और करण धानुक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित