देहरादून , मार्च 06 -- उत्तराखंड में देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के राजीव नगर में 4 मार्च को होली के दिन एक युवती पर जबरदस्ती रंग लगाए जाने, छेड़खानी के मामले पर पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध मे देहरादून के राजीव नगर निवासी एक युवक ने पांच मार्च को थाना नेहरू कॉलोनी पर एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा था, जिसमे बताया गया था कि होली के दिन जब वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़े हुए थे।

तभी इसी बीच दो लोग उनके पास आए और उनकी एक महिला मित्र के साथ छेड़खानी करते हुए जबरदस्ती रंग लगाने लगे। इसका विरोध किए जाने पर उन युवकों ने पीड़ित और उनके साथियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।

प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया , और घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से दिए गए निर्देशों पर घटनास्थल पर आसपास के आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों के आधार पर संदिग्धों के संबंध में जानकारियां हासिल की ।

जिसके बाद रंग लगाने के बहाने युवती से छेड़छाड़ और उसके साथियों के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपितों विकास रावत और संजीव नेगी को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित