ग्रेटर नोएडा , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र स्थित संगम विहार में एक 19 वर्षीय युवती द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी उन्होंने बताया कि, ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस को सूचना मिली कि रिया चौरसिया (19 वर्ष) पुत्री हरनारायण, निवासी संगम विहार, ने अपने घर में फांसी लगा ली है। घटना के समय परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल युवती को नीचे उतारा और गंभीर अवस्था में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
इसके बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को किसी प्रकार की आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर बिंदु पर गहनता से पड़ताल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित