शिवहर , सितंबर 15 -- बिहार में शिवहर जिले के हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छता गांव में मंगलवार को एक युवती ने आत्महत्या कर ली।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान स्वर्गीय रामएकबाल राय की पुत्री कृष्णा कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की गर्दन पर काला निशान मिला है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि पांच दिन पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि पड़ोसी गांव पचरा निवासी राजकुमार उनकी पुत्री को फोन करता था। उन्होंने इसकी शिकायत राजकुमार के पिता विनोद सिंह से भी की थी। मंगलवार सुबह राजकुमार उनके घर आया और कृष्णा को अपने साथ चलने के लिए कहने लगा। विरोध करने पर उसने धमकी दी। परिजनों ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच कृष्णा घर के अंदर चली गयी और फंदे से लटककर जान दे दी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। गिरफ्तार युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित