हरिद्वार , फरवरी 18 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सिंह ने प्रेम संबंधों के चलते युवती की हत्या करने के मामले में मुख्य अभियुक्त को आजीवन कारावास एवं 25 हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है। जबकि दूसरी अभियुक्त को हत्या का सबूत छुपाने के मामले में 5 वर्ष का कारावास तथा 5 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
शासकीय अधिवक्ता कुशल पाल सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम रावली महदूद निवासी सुखबीर सिंह चौहान ने 25 मई 2020 को थाना सिडकुल में एक तहरीर दी थी। तहरीर में कहा था कि आरोपी रोहित पुत्र निलेश निवासी ग्राम चिडैया, नवादा, बिहार एवं सोनम उर्फ वर्षा निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश सिडकुल स्थित फैक्ट्री में कार्य करते थे।
माह मार्च 2020 में दोनों ने शिवनगर कॉलोनी निकट डेंसो चौक, सिडकुल स्थित उनके मकान में कमरा नंबर 28 किराए पर लिया था और वे दोनों एक साथ रहते थे। आरोपी मंजू कुमारी पुत्री गजेंद्र सिंह निवासी ग्राम महोदा जिला फर्रुखाबाद भी इसी मकान में एक अन्य कमरे में किराए पर रहती थी। 24 मई 2020 की रात को मकान के सामने दुकान चलाने वाले आशुतोष उर्फ अनुराग ने सुखबीर सिंह चौहान को फोन करके कमरा नंबर 28 के अंदर से बदबू आने की खबर दी थी।
सुखबीर सिंह चौहान अपने मकान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर कमरा नंबर 28 के बाथरूम में एक सूटकेस रखा पाया था, जिसमें से बदबू आ रही थी। पुलिस ने सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें रखे प्लास्टिक के कट्टे में सोनम उर्फ वर्षा का शव पैक करके रखा हुआ था।
पूछताछ करने पर पता चला था कि सोनम और मंजू से रोहित का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिस कारण रोहित और सोनम में झगड़ा होता रहता था। मंजू और रोहित का सोनम के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर पहले भी झगड़ा हुआ था। इसी कारण रोहित और मंजू ने मिलकर सोनम उर्फ वर्षा को मार डाला और उसकी लाश को सूटकेस में छुपा दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित