भीलवाड़ा , अगस्त 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आमली गांव में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि अपनी साली पर बुरी नजर रखने वाले जीजा ने कथित तौर पर उसके विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देकर छिपाने की कोशिश की गयी, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।

पुलिस के अनुसार, शाहपुरा के बिलिया गांव निवासी पप्पू नाथ कालबेलिया की पुत्री रेखा आमली गांव में अपने मामा की लड़की और उसके पति किशन नाथ के पास रहकर मजदूरी करती थी। आरोप है कि 30 जुलाई की शाम करीब सात बजे रेखा ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसका जीजा किशन नाथ उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है।

आरोप है कि उसी रात किशन नाथ ने रेखा पर दोनाली बंदूक से फायर कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए रात करीब 11 बजे दिनेश नाथ ने रेखा के पिता को फोन कर बताया कि उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है।दिल्ली में मजदूरी कर रहे पिता जब 31 जुलाई की शाम आमली गांव पहुंचे तो घर के अंदर खून से सना फर्श और रेखा का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गयी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी किशन नाथ, उसकी पत्नी सीता नाथ, दिनेश नाथ और दिनेश की पत्नी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपी किशन नाथ को गिरफ्तार करके हत्या में प्रयुक्त दोनाली बंदूक भी जब्त कर ली गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित