धार , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर स्थित सागौर थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस को 22 पन्नों की एक हस्तलिखित डायरी मिली है। पुलिस ने डायरी जब्त कर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मोती नगर कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय नेहा कछवाया ने कथित रूप से स्वयं को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पुलिस को 22 पन्नों की एक डायरी सौंपी है। पुलिस के अनुसार डायरी में पारिवारिक विवाद, कथित मानसिक प्रताड़ना, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग तथा मंगेतर और अन्य लोगों के व्यवहार से मानसिक तनाव का उल्लेख किया गया है। पुलिस इन आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक कमल सिंह चौहान और सागौर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश सरोदे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे ने बताया कि डायरी को विधिवत जब्त कर लिया गया है और उसमें लिखी बातों का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के निष्कर्ष और विधिक राय के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित