बैतूल , सितंबर 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में युवक की हत्या के मामले का गंज थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात माचना नगर निवासी 23 वर्षीय देवेन्द्र उर्फ डिब्बी को मोबाइल फोन पर कॉल आने के बाद उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। रात करीब 11 बजकर 16 मिनट पर वह घर के आंगन में असामान्य हालत में मिला। उसके कपड़े गीले थे तथा दोनों पैरों, हाथ, पीठ और आंख के पास चोट के निशान थे।

परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मारपीट से आई चोटों के कारण मृत्यु होना पाए जाने पर गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अन्नापूर्णा सिरसाम के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने हर्षित पंवार, शिवम उर्फ लाला साहू और पीयूष उर्फ छोटू बचले को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं अजय डहेरिया, शुभम पंवार और दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित