ग्वालियर , फरवरी 25 -- मध्य प्रदेश के ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में आज बुधवार सुबह लगभग सात बजे दो अज्ञात एक्टिवा सवार बदमाश एक युवक के हाथ से पांच लाख रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि राजस्थान निवासी वासुदेव शर्मा ग्वालियर की एक पार्टी से नकदी लेकर उसे दूसरे व्यक्ति को देने के लिए एमएलबी रोड स्थित थीम रोड पर खड़ा था। इसी दौरान काले रंग की बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार दो बदमाश आए और युवक से नकदी से भरा बैग छीनकर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बिना नंबर की एक्टिवा और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। कंपू थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित