धार , जून 06 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना अंतर्गत कैलाश कॉलोनी में शनिवार को एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर हमलावर फरार हो गये। हमले में युवक के गले और सीने पर गहरे घाव हैं। घायल युवक को गंभीर स्थिति में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह वारदात आज सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। कैलाश कॉलोनी के रहने वाले 28 वर्षीय कुलदीप तिवारी पर एक अज्ञात बदमाश ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर ने बिना संभलने का मौका दिए कुलदीप के गले और सीने पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। अत्यधिक खून बहने के कारण कुलदीप लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े, आरोपी मौके से भाग गया।
स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल कुलदीप को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल इंदौर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-1 थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। फिलहाल हमलावर कौन था और इस खूनी वारदात के पीछे क्या रंजिश थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित