भरतपुर , अगस्त 02 -- राजस्थान में डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र में मवई गांव में अपने घर के बाहर घूमते रहने पर टोकने पर एक युवक ने वृद्धा की गोली मारकर हत्या कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि 60 वर्षीया गीता देवी को गोली मारकर भाग रहे आरोपी युवक कान्हा (24) को ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। वारदात के बाद लहूलुहान हालत में गीता को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़ित परिवार के घर से करीब 100 मीटर दूर रहता है और अक्सर उनके घर के बाहर घूमता रहता था। आज जब गीता ने उसे अपने घर के सामने खड़े होने से मना किया तो कान्हा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर चला गया। कहासुनी के करीब एक घंटे बाद कान्हा दोबारा पीड़िता के घर के बाहर आया और जैसे ही गीता पशुओं का चारा लेकर खेत से वापस घर की तरफ आईं, कान्हा ने कट्टे से उनके सीने में गोली मार दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित