हरिद्वार , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के जमालपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना से पहले युवक के एक युवती के साथ मारपीट करने, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 8:30 बजे पीड़ित युवती ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को बहादराबाद स्थित इंडियन गैस प्लांट के पास एक खाली मैदान में युवक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने अपनी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और कुछ नकदी बरामद की है। घटनास्थल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधीक्षक , सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या के पीछे का कारण क्या रहा और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित