सिवनी , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र में एक युवक को निर्वस्त्र कर कथित रूप से बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लगभग 20 वर्षीय युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पीड़ित को बंधक बनाकर पीटा गया तथा उसके शरीर पर लगे घावों पर नमक और लाल मिर्च भी लगाई गई। बताया गया है कि घटना के बाद पीड़ित भय के कारण तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंचा और लगभग एक माह बाद उसने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित आईटीआई सिवनी का प्रशिक्षणार्थी बताया गया है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि 11-12 जून को हुई इस घटना के वीडियो के आधार पर 11 लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नगर निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी ने भी पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित