श्रीगंगानगर , जून 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में सीमावर्ती खाट लबाना गांव में पिछले हफ्ते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पिता पुत्र सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनील खोड ने सोमवार को बताया कि प्रेमसिंह, उसके पुत्र लखविंदरसिंह उर्फ बंटी और प्रेमसिंह के दो साले श्याम सिंह उर्फ श्यामा और बलविंदरसिंह उर्फ ज्ञानी को गिरफ्तार किया गया है। चारों को आज अदालत में पेश किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस वारदात में अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की संभावना है। उनकी तलाश की जा रही है।
आरोपियों ने गत 24 जून को सुबह खाट लबाना गांव में करीब 31 वर्षीय मलकीत सिंह की लाठियों और लोहे की छड़ से हमला करके हत्या कर दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित