भरतपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान में डीग जिले के मेवात में मेव समुदाय के एक युवक की शादी की रस्मों को निभाने के लिए दूल्हे के गले मे पाँच पाँच सौ के नोटों की करीब एक करोड़ रुपये की 100 फुट लंबी माला का मामला सामने आने के बाद पुलिस, प्रशासन एवं आयकर विभाग के कान खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर नोटों की इस भारी भरकम माला का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में इस करोड़पति माला के प्रदर्शन के लिए दूल्हा को अपने दुमंजिला मकान की छत पर खड़े होकर 100 फुट की माला को नीचे लटकाना पड़ा। इसके बावजूद भी जब माला की लंबाई पूरी नही हुई तो उसे कई लोगों के सहयोग से मैदान में फैला कर प्रदर्शित करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि मेवात क्षेत्र में शादियों में लाखों रुपए की नोटों की माला पहनना रसूख और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इस क्षेत्र में पहले भी ऐसी महंगी मालाओं के वीडियो सामने आते रहे हैं, लेकिन 100 फुट लंबी इस माला ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि मेव समुदाय में शादी की रस्मों में शुमार नोटों की माला के प्रदर्शन के लिए हरियाणा में ये मालाएं किराए पर उपलब्ध हैं, लेकिन माला के किराए के अलावा माला में लगे नोटों की कीमत भी नकदी में जमा करानी पड़ती है।
फिलहाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी इस माला के बारे में पुलिस, प्रशासन एवं आयकर विभाग अपने अपने स्तर पर जानकारी जुटाने में लगे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जाँच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित