घनौर , मई 16 -- पंजाब में अमृतसर के शरीफपुरा इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या और शव को सड़कों पर घसीटे जाने की दिल दहला देने वाली घटना के बाद यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला।
श्री झिंजर ने शनिवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब अपराधियों के लिए "सुरक्षित पनाहगाह" बन चुका है और राज्य में गैंगस्टर कल्चर तेजी से बढ़ रहा है।
घटना के अनुसार, अमृतसर के तुंगबली निवासी कुणाल (22), जो एक सैलून में काम करता था, कल देर रात खाना खाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि कुछ युवकों ने उसका पीछा कर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी शव को स्कूटर पर लादकर सड़कों पर घसीटते हुए ले गए और उसका वीडियो भी बनाया। पुलिस शुरुआती जांच में इसे गैंगवार से जुड़ा मामला मान रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में गैंगस्टर सुखा अंबर्सरिया से जुड़े युवकों के नाम सामने आए हैं। मुख्य आरोपी का परिवार फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जबकि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
श्री झिंजर ने कहा कि पिछले दस दिनों में पंजाब में हत्या, रंगदारी और लूटपाट की 20 से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आप सरकार के " वार ऑन गैंगस्टर " और "ऑपरेशन प्रहार" अभियानों को केवल प्रचार करार देते हुए पूछा कि सरकार ने जमीनी स्तर पर अपराध रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं।
उन्होंने 2024 में अमृतसर में एक एनआरआई की हत्या और 15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सेक्टर-79 स्टेडियम में राणा बालाचौरिया की गोली मारकर हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में अब न घर सुरक्षित हैं और न सार्वजनिक स्थान। उन्होंने कहा, "जब अपराधी खेल मैदानों और घरों में घुसकर हत्या कर सकते हैं और दिन-दहाड़े नेताओं पर हमला हो सकता है, तो साफ है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा।"यूथ अकाली दल नेता ने मुख्यमंत्री मान से राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कराने और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित