बुलंदशहर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र के दीघी गांव में एक युवक का शव उसके ससुराल में फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक , देहात अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि मृतक की पहचान ऋषि निवासी गांव खेलिया कल्याणपुर, थाना अहमदगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। ऋषि दो दिन पूर्व अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए ससुराल गांव दीघी आया था।

घटना की सूचना मिलते ही पहासू थाना पुलिस के अलावा कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

इस बीच मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर ऋषि की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि यदि यह आत्महत्या का मामला था तो उन्हें सूचना दिए बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए क्यों भेजा गया।

गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन कई थानों का पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित