अलवर , अगस्त 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सैथली गांव में बुधवार को सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव अलवर के अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
इस बीच शव को रामगढ़ उपजिला अस्पताल नहीं लाये जाने से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने गुरुद्वारे के सामने अलवर-दिल्ली राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक परमेश्वर यादव सहित कई थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोल दिया। पुलिस के अनुसार मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतक के चाचा हीरामन ने रामगढ़ थाने में शिकायत करके कुछ लोगों पर सुरेंद्र को धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाये हैं। शिकायत के अनुसार 24 अगस्त को सुरेंद्र के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में थाने में शिकायत की गयी थी। परिजनों का कहना है कि 25 अगस्त की शाम सुरेंद्र ने परिवार से मिलकर अपनी जान को खतरा बताया था। इसके कुछ समय बाद वह घर से बाहर चला गया और बाद में उसके पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। परिजनों ने उसके हाथ-पैरों पर चोट के निशान, मौके पर चप्पल मिलने और मोबाइल फोन गायब होने का भी उल्लेख किया है। इन्हीं परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने हत्या के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने की आशंका जताते हुए नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीएसपी यादव ने बताया कि पुलिस को युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। शव अलवर अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित