भोपाल , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में वर्चस्व की लड़ाई के बीच एक युवक के साथ अमानवीय अत्याचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमला नगर और हनुमानगंज थाना क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में बदमाशों ने युवक का अपहरण कर उसे निर्वस्त्र कर बेल्ट, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना शनिवार की बताई जा रही है, जबकि शिकायत पहले कमला नगर थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच में घटनास्थल हनुमानगंज थाना क्षेत्र का पाए जाने पर प्रकरण वहां स्थानांतरित किया गया, जहां मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया गया।
बताया गया कि आरोपियों ने युवक को बहाने से नादरा बस स्टैंड बुलाया, जहां से उसका अपहरण कर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान युवक रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसे जमीन पर पटककर निर्वस्त्र किया और बेल्ट व लात-घूंसों से पीटते रहे। आरोप है कि बदमाशों ने उस पर चाकू से वार भी किया।
घटना के दौरान युवक द्वारा पानी मांगने पर आरोपियों ने उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया और दहशत फैलाने के उद्देश्य से पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया।
हनुमानगंज थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक बयान में पीड़ित ने चेहरे पर पेशाब किए जाने की बात नहीं बताई थी, बाद में वीडियो सामने आने पर यह तथ्य उजागर हुआ। पुलिस ने चाकूबाजी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित 22 वर्षीय युवक है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कुछ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में संलिप्त आरोपी प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और एक नाबालिग बताए जा रहे हैं, जो हाल ही में जेल और बाल संप्रेक्षण गृह से रिहा हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग वर्चस्व की लड़ाई के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित