नैनीताल , मार्च 21 -- वीरों की भूमि उत्तराखंड की धरती पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि आज पूरा विश्व युद्ध जैसे संकट से गुजर रहा है। पश्चिम एशिया में कई जगह हमले हो रहे हैं। यह भारत के लिये ही नहीं विश्व के लिये चिंता का विषय है।
श्री सिंह ने कहा कि भारत का स्पष्ट मानना है कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। बातचीत और कूटनीति से इसका समाधान निकाला जाना चाहिए।
रक्षा मंत्री आज हल्द्वानी में उत्तराखंड की धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर एमबी इंटर कालेज के मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री को सुनने के लिये इस मौके पर भारी भीड़ मौजूद थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस करिश्माई नेतृत्व से भारत का मस्तक पूरे विश्व में ऊंचा किया है वह सराहनीय है। पहले भारत को कोई गंभीरता से नहीं लेता था लेकिन आज जब भारत अंतर्राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। यह देश के लिये गौरव की बात है।
रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमत्री धामी के चार साल के कार्यकाल की जमकर प्रशंसा की और उन्हें 'धाकड़ धामी के बजाय धुरंधर धामी' की संज्ञा दी। पिछले चुनाव में उन्होंने एक जनसभा में विश्वास जताया था कि धाकड़ धामी के नेतृत्व में भाजपा दुबारा चुनाव जीतकर इतिहास बनायेगी लेकिन मुख्यमंत्री धामी ने जिस धुआंधार तरीके से चार साल काम किया है वह अब धाकड़ धामी नहीं वह धुरंधर धामी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले नौ साल से भाजपा की सरकार है और धामी लगातार पांच साल से मुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार साल में धामी ने चौका मारा है और आने वाले छह सालों में वह छक्का भी मार कर दिखायेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास में अभूतपूर्व काम हुआ है। प्रदेश में दो लाख करोड़ की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने चार धाम आल वेदर सड़क परियोजना को ऐतिहासिक करार दिया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) दो लाख चौवन हजार करोड़ रूपये था लेकिन आज यह बढ़कर तीन लाख बयासी हजार करोड़ रूपये है। इस लिहाज से उत्तराखंड जिस तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है उस हिसाब से प्रदेश जल्द विकसित राज्य की श्रेणी में आ जायेगा।
उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्रित्व काल में उप्र राज्य का पुनर्गठन हुआ और वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया था लेकिन आज 26 साल में प्रदेश ने तेजी से विकास किया है। प्रदेश में बुनियादी ढांचे का विकास हो, राज्य में पर्यटन को नई दिशा देने की बात हो, चाहे युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराने या फिर महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम हो पुष्कर सिंह धामी ने करिश्माई काम किया है।
उन्होंने धामी सरकार के समान नागरिक संहिता, अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, शिक्षा के क्षेत्र में काम और नकल विरोधी कानून की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार प्रदेश में घुसपैठियों के खिलाफ भी जोरदार अभियान चला रही है। उन्होंने प्रदेश में मानसखंड परियोजना के साथ ही जमरानी परियोजना की प्रशंसा की और कहा कि इससे प्रदेश को अनेक क्षेत्र में लाभ होगा। उन्होंने साफ साफ कहा कि प्रदेश में धामी सरकार मिशन मोड़ पर काम कर रही है।
श्री सिंह ने इस मौके पर कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि कांग्रेस जब हारती है तो हार को स्वीकार करने के बजाय बहाने बनाती है। पहले इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन पर ठीकरा फोड़ा जाता था और अब वह एसआईआर का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि क्या घुसपैठियों की नाम वोटर लिस्ट से नहीं काटे जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं जैसे कैग, चुनाव आयोग, ईडी को भी नहीं छोड़ती है और उन पर भी सवाल उठाती रहती हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने अपने चार साल के कार्यों का खाका पेश किया और कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम किया है। उन्होंने इस मौके पर अनेक योजनाओं को गिनाया।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महेन्द्र भट्ट, केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय टमटा, सांसद अजय भट्ट के साथ ही प्रदेश के मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित