तेहरान , मार्च 30 -- ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम ज़ोलफकारी ने कहा है कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा थोपे गए युद्ध का अंत ईरान ही तय करेगा।

उन्होंने सोमवार को जारी बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों को खारिज करते हुए कहा कि ईरानी सशस्त्र बलों ने हमेशा स्पष्ट किया है कि वे युद्ध की शुरुआत नहीं करते, लेकिन किसी भी संघर्ष का अंत कब और कैसे होगा, यह वे स्वयं निर्धारित करेंगे।

श्री ज़ोलफकारी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की नीतियों ने क्षेत्र और दुनिया में केवल हिंसा और असुरक्षा को बढ़ाया है, जिसके चलते अमेरिका समेत विभिन्न देशों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप के फैसले और आकलन त्रुटिपूर्ण हैं और इससे न केवल अमेरिकी नागरिक बल्कि अन्य देशों के लोग भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हो रहे बड़े पैमाने के युद्ध विरोधी प्रदर्शन इस संघर्ष के प्रति लोगों की चिंता और अनिश्चित भविष्य को दर्शाते हैं।

श्री ज़ोलफकारी ने कहा कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू की गयी सैन्य कार्रवाई के बावजूद ईरान अपने सशस्त्र बलों और जनता के साथ मजबूती से खड़ा है और अंततः उसे ही इस युद्ध का सामना करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप अब अन्य वैश्विक नेताओं के माध्यम से युद्ध समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे, जिसमें शीर्ष नेतृत्व और कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया गया। इसके जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी हितों और इज़राइली ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित