इस्लामाबाद , अप्रैल 20 -- युद्धविराम की समयसीमा नजदीक आने के बीच पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान को वार्ता की मेज पर लाने के लिए अपनी परदे के पीछे चल रही कूटनीतिक गतिविधियों को तेज करदिया है।

पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में संपर्क स्थापित करने के प्रयास काफी बढ़ गये हैं और22 अप्रैल को संभावित नये दौर की वार्ता इस्लामाबाद में कराने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले की वार्ता विफल रही थी।

इसी सिलसिले में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिकी दूतावास में अमेरिका की चार्ज डी'अफेयर्स नैटली बेकर से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने वार्ता की तैयारियों और व्यापक अमेरिका-पाकिस्तान समन्वय पर चर्चा की।

श्री नकवी ने प्रतिनिधिमंडलों की सुरक्षा के लिए किये गये विशेष इंतजामों की जानकारी देते हुए कहा कि मेहमानों की सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्था की गयी है। वहीं बेकर ने तनाव कम करने और संवाद जारी रखने के प्रयासों में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की।

इस बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फोन पर बातचीत की। आधिकारिक बयान में वार्ता का सीधा उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन यह संपर्क ऐसे समय हुआ है, जब पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कर रहा है।

वार्ता की तैयारी में इस्लामाबाद में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। रेड जोन और संभावित वार्ता स्थलके आसपास की प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है। चेकपोस्टों पर सैनिक तैनात हैं, पर्यटक स्थलों को बंद कर दिया गया है और होटलों को प्रतिनिधिमंडलों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित