, June 20 -- तेल अवीव, 20 जून (स्पुतनिक/वार्ता) इजरायल-हिजबुल्लाह के बीच शुक्रवार से नये युद्धविराम समझौता लागू होने के कुछ घंटों के बाद इजरायली बलों ने दक्षिणी लेबनान की अली ताहर पहाड़ी क्षेत्र पर हमले किये।

इस हमले में अब तक कम से कम 47 लोगों के मारे जाने और 97 अन्य लोगों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आयी है।

लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार से हुए इन हमलों में कम से कम 47 लोग मारे गये हैं और 97 अन्य घायल हुए हैं। इसने उस युद्धविराम की स्थिरता पर संदेह पैदा कर दिया है, जिसके जरिये क्षेत्रीय राजनयिक सीमा पर शांति बहाली की उम्मीद कर रहे थे।

एक अमेरिकी अधिकारी ने मीडिया को बताया कि हाल के दिनों में इजरायल द्वारा तेज किए गए हमलों के बाद इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्षविराम पर सहमति बन गई है। हालांकि, ज़मीनी रिपोर्टों के अनुसार लड़ाई अभी पूरी तरह रुकी नहीं है। बताया जा रहा है कि दक्षिणी लेबनान के अली ताहर पहाड़ी क्षेत्र में भारी तोपखाने से लगातार गोलाबारी जारी है।

गौरतलब है कि नबातिह के पास स्थित यह स्थल हिजबुल्लाह की सुरक्षा का मुख्य केंद्र रहा है और इजरायल ने यहां आगे बढ़ने की कई बार कोशिशें की हैं।

ईरान ने साफ कर दिया है कि लेबनान पर इजरायल के लगातार हमले ईरान-अमेरिका के बीच व्यापक राजनयिक प्रयासों को पटरी से उतार सकते हैं।

ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ कूटनीतिक बातचीत जारी रखने को तैयार है लेकिन सिर्फ इस शर्त पर कि अमेरिका यह सुनिश्चित करे कि इजरायल समझौता पत्र (एमओयू) का पालन करे और लेबनान पर हमले रोके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित