मुंबई , अप्रैल 12 -- मशहूर सिने गायिका आशा भोसले का रविवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थी और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थी।
उन्हें शनिवार शाम को थकान और छाती में संक्रमण में शिकायत के बाद यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार कल अपरान्ह चार बजे शिवाजी पार्क में किया जायेगा।
अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि उनके कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण उनका निधन हो गया। उनके बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीमती भोसले का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सोमवार सुबह 11 बजे उनके आवास पर रखा जायेगा और अपराह्न चार बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।
पद्म विभूषण और दादा साहब फाल्के सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित श्रीमती भोसले 50, 60 और 70 के दशक के बॉलीवुड के संगीत के सुनहरे दौर की आखिरी जीवित शीर्ष गायिका थीं। इस दौर में लता मंगेशकर, मोहम्मद रफ़ी, किशोर कुमार, मुकेश, मन्ना डे और खुद भोसले जैसी हस्तियां शामिल हैं।
वह अपनी खनक भरी सुरीली आवाज़ और बहुमुखी प्रतिभा के लिए मशहूर थीं। उन्होंने फ़िल्मी संगीत, पॉप, ग़ज़ल, भजन, भारतीय शास्त्रीय संगीत, लोकगीत, क़व्वाली और रवींद्र संगीत जैसे कई अलग-अलग तरह की विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने भारतीय और विदेशी भाषाओं में हजारों गाने गाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित