मुंबई , जून 30 -- भारतीय महिला टीम ने एशियाई खेलों के लिए यास्तिका भाटिया की जगह जी कमलिनी को रिज़र्व विकेटकीपर के रूप में शामिल किया है। इसके अलावा लगभग पूरी टीम वैसी ही है, जिन्होंने हाल ही में टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था और ग्रुप चरण से ही बाहर हो गए थे। यह प्रतियोगिता टी 20 फ़ॉर्मेट में जापान के आइची-नागोया में सितंबर में खेली जायेगी।
टी 20 विश्व कप के दौरान चोटिल हुईं ऑफ़ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि यह चयन फ़िटनेस क्लियरेंस के आधार पर हुआ है। नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ मैच के दौरान फ़ील्डिंग करते हुए उनका टखना मुड़ गया था और वह मैच व प्रतियोगिता से बाहर हो गई थीं। उनकी जगह टी20 विश्व कप दल में शामिल हुईं प्रेमा रावत का चयन एशियाई खेलों के लिए नहीं हुआ है।
भाटिया ने टी20 विश्व कप में तीन मैच खेले और 13.66 की औसत व 117.14 के स्ट्राइक रेट से 41 रन बनाए। वह इस दौरान मध्य क्रम में नंबर तीन और नंबर पांच पर खेलीं और उनकी व जेमिमाह रॉड्रिग्स की भूमिका कभी स्पष्ट नहीं हो सकी।
डब्ल्यूपीएल में पिछले दो साल से मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहीं 17 साल की कमलिनी ने भारत के लिए सिर्फ़ एक टी20 खेला है। 2025 के आख़िर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ हुए इस मैच में उन्होंने पारी की शुरुआत की थी और 12 गेंदों में 12 रन बनाए थे। अभी तक 15 टी20 मैचों में उनके नाम 14.87 की औसत से 119 रन है और उन्होंने अधिकतर बार या तो ओपन किया है या फिर सातवें या आठवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित