उज्जैन , जनवरी 25 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह राहगीरी 2026 हमने किसानों को समर्पित की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चट्टान की तरह खड़े हैं और उसमें अपनी सहभागिता निभाने के लिए भी हम सभी किसान भाइयों के साथ लगातार प्रयास कर रहे हैं।

डॉ यादव आज रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान राहगीरी आनंद उत्सव में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान लगभग 70 से संस्थाओ ने मंचों से उनका स्वागत अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज किसानों का सम्मान कर हम आनंदित हो रहे हैं। हमारी मातृभूमि के सच्चे सपूतों के रूप में किसान भाई हमारे देश की उन्नति में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।

उन्होंने राहगीरी कार्यक्रम के समापन पर किसानों को शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में सिंहस्थ का आयोजन किया जाएगा, वह पूरे उत्साह उमंग और भारतीय संस्कृति विरासत को दुनिया को दिखाने का होगा। भारतीय सनातन परंपरा को विश्व पटल पर नई पहचान के साथ उल्लेखित करने के प्रयास किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित