अलवर , अक्टूबर 11 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने युवाओं को करियर बनाने की दौड़ के बीच जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान देने की नसीहत दी है।

श्री यादव ने रविवार को राजस्थान में अलवर के राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय में सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट के लोकार्पण के दौरान कहा कि इंसान 99 तक पहुंचने के बाद भी वापस 10 पर आ सकता है। उनके इस उदाहरण ने युवाओं के सामने सफलता और जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश रखा।

श्री यादव ने कहा, " सभी करियर के लिए लगे हुए हैं। सबको लगता है कि जिंदगी में कुछ बन जाए। कॉलेज में आते हैं तो टीचर कहते हैं, कुछ बनो। घर पर जाते हैं तो माता-पिता कहते हैं कुछ बनो। किसी को देखते हैं तो उसको लगता है कुछ बनो, लेकिन आप कुछ भी बन जाना, अगर दो चीजें आपकी ठीक नहीं हुई, तो ये जिंदगी फिसलपट्टी के खेल की तरह होता है। आदमी 99 पे पहुंचता है, सांप सीढ़ी के खेल में और फिर 10 पे आ जाता है।"कार्यक्रम के दौरान श्री यादव ने राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय, अलवर में नवनिर्मित सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का विधिवत लोकार्पण किया। इस कोर्ट का निर्माण राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय और राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) की ओर से संयुक्त रूप से कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित